जागरण संवाददाता, मेरठ। जनपद का तापमान में शनिवार को गिरावट दर्ज की गई। आने वाले दिनों में तापमान 30 डिग्री से भी कम होगा। मौसम के ताजा संकेत गरज चमक के साथ बरसात होने की संभावना जता रहे हैं। रविवार को भी बरसात हो सकती है। गर्मी से शेष मार्च तक राहत रहेगी।
शनिवार को दोपहर में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से सात डिग्री अधिक था। दो दिन पूर्व तक तापमान 33 और 35 डिग्री के बीच बना हुआ था। सर्दी के तुरंत बाद गर्मी ने अपना प्रभाव दिखाना शुरु कर दिया था।
घरों में पंखे और कार्यालयों में एसी आरंभ हो गए। बसंत आने के पहले ही ओझल हो गया। अब एक बार फिर से गुलाबी ठंड का मौसम वापस लौटने की संभावना है। बरसात के बाद मौसम बदलेगा। दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी। लोगों को एक बार रात में फिर से गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है।
मानसून सीजन के बाद इस बार बरसात सामान्य से कम रही है। फरवरी में केवल दो और मार्च में अब तक बरसात नहीं हुई है। अब एक के बाद एक मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने का संकेत विज्ञानियों ने जताया है। जिससे पहाड़ों के साथ मैदानों में भी बरसात देखने को मिलेगी। जिससे मौसम में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि रविवार को तेज हवाएं के साथ हल्की बरसात हो सकती है। बरसात के दौर आगामी सप्ताह में जारी रहेंगे। जिससे तापमान सामान्य से कम रहेगा। तेज हवा से गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है।