जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अधिकतम तापमान का सामान्य से ऊपर रहना मानो इस वर्ष नई प्रवृत्ति बनता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।जिन दिनों में हल्की बारिश या ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। उन दिनों तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन उसके बाद फिर से तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी है।
मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ कश्मीर घाटी में भी तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। हालांकि पिछले सप्ताह तक जहां तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा था। अब गर्मियों के आगमन के साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर कुछ कम हुआ है और सामान्य तापमान में भी हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरी और मध्य कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है।इसके कारण इन जिलों के महत्वपूर्ण दर्रों और ऊंचाई वाले मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे दो दिनों तक खेतों में होने वाले कार्य फिलहाल रोक दें क्योंकि इस दौरान बारिश और तेज हवाओं का असर पड़ सकता है। विभाग के अनुसार, 12 से 14 मार्च तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा।
इसके बाद 15 और 16 मार्च को फिर से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। खासकर 15 मार्च की रात से 16 मार्च की सुबह तक।
इसके अलावा 17 और 18 मार्च को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि 19 और 20 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 11 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री ज्यादा है।
इसी तरह बनिहाल में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 9.3 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भद्रवाह में अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री और न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कश्मीर घाटी के श्रीनगर में अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री और न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि पहलगाम में अधिकतम में 10.8 डिग्री और न्यूनतम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में तापमान का सामान्य से ऊपर बने रहना बदलते जलवायु पैटर्न की ओर संकेत करता है। इसका असर आने वाले महीनों में मौसम की स्थितियों पर भी देखने को मिल सकता है।