आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ने शनिवार को बताया कि फरवरी 2026 में उसका टोल राजस्व सालाना आधार पर 22 प्रतिशत बढ़कर 746 करोड़ रुपये रहा। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक फरवरी 2025 में कंपनी का टोल राजस्व 614 करोड़ रुपये था।
IRB Infrastructure share worth: शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी- आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स के शेयर में सोमवार को हलचल की उम्मीद है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कंपनी ने अपने टोल राजस्व के आंकड़े जारी किए हैं। आंकड़े बताते हैं कि फरवरी 2026 में उसका टोल राजस्व सालाना आधार पर 22 प्रतिशत बढ़ गया है।
शेयर का परफॉर्मेंस
आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो शुक्रवार को 40.38 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले शुक्रवार को 40.99 रुपये तक पहुंचा। शेयर की क्लोजिंग 40.80 रुपये पर हुई। यह एक दिन पहले के मुकाबले एक पर्सेंट से ज्यादा की बढ़त को दिखाता है।
ब्रोकरेज का अनुमान
ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स पर ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखी है और प्रति शेयर ₹69 का मूल्य लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसका अर्थ है कि मौजूदा स्तरों से लगभग 65% की संभावित वृद्धि हो सकती है। ब्रोकरेज फर्म ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर अपने नोट में कहा कि इनसाइडर बाइंग को अक्सर संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा जाता है और यह कंपनी के प्रमोटर्स के आत्मविश्वास को दर्शाता है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि खराब प्रदर्शन करने वाली दो इंफ्रास्ट्रक्चर और इंजीनियरिंग कंपनियों, आईआरबी और एनसीसी के प्रमोटर्स ने हाल ही में छोटी हिस्सेदारी खरीदी है, लेकिन यह कदम अंतर्निहित व्यवसाय में उनके विश्वास के बारे में एक मजबूत संकेत देता है।
आईआरबी के लिए सीएलएसए ने बताया कि भारत के सबसे बड़े टोल प्लेटफॉर्म पर उसके टोलिंग व्यवसाय ने 11% की वार्षिक वृद्धि के साथ उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2030 तक पांच साल की योजना भी बनाई है, जिसके तहत वह अगले तीन वर्षों में अपने परिसंपत्ति आधार को 75% तक बढ़ाते हुए नेट डेब्ट फ्री यानी कर्ज मुक्त होने का लक्ष्य रखती है।
फरवरी का राजस्व
आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ने शनिवार को बताया कि फरवरी 2026 में उसका टोल राजस्व सालाना आधार पर 22 प्रतिशत बढ़कर 746 करोड़ रुपये रहा। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक फरवरी 2025 में कंपनी का टोल राजस्व 614 करोड़ रुपये था। इस राजस्व में आईआरबी इनविट फंड और आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट की कमाई शामिल है।
उत्तर प्रदेश में हाल ही में शामिल किए गए आईआरबी हरिहरा टोलवेज ने फरवरी 2026 में टोल राजस्व में 52.8 करोड़ रुपये का योगदान दिया। आईआरबी इंफ्रा के डिप्टी सीईओ अमिताभ मुरारका ने कहा- हमारी संपत्तियों में यातायात की मजबूत वृद्धि और नए शामिल किए गए हरिहरा कॉरिडोर से मिलने वाला योगदान उत्साहजनक है। टोल संग्रह की वृद्धि पिछले महीने के 15 प्रतिशत से बढ़कर अब 22 प्रतिशत हो गई है। हमें उम्मीद है कि आने वाले महीनों में भी यह तेजी जारी रहेगी।