ईरान का युद्ध पिछले 6 दिनों से जारी है. इस जंग ने मिडिल ईस्ट में काफी तनाव बढ़ा दिया है, जिस कारण यूरोप और एशिया के देशों के लिए गल्फ कंट्री से एनर्जी की सप्लाई रुकी हुई है. ईरान ने होमुर्ज जलमार्ग को बंद कर दिया है, जहां से वैश्विक सप्लाई का 20 फीसदी तेल और एनर्जी होकर गुजरता है.
इस घटना के बाद कच्चे तेल के दाम में तगड़ी उछाल आई है, जो 85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच चुका है और आगे भी तेजी का अनुमान है. लेकिन सेफ असेट कहे जाने वाले Gold-Silver के दाम में गिरावट देखी जा रही है. मल्टी कमोडिटी मार्केट (MCX) में सोने और चांदी का भाव कम हुआ है.
सोना और चांदी के भाव में गिरावट
गुरुवार को अप्रैल वायदा के लिए सोना 1000 रुपये गिरकर 1.60 हजार रुपये पर आ गया था. इसी तरह, चांदी के भाव में भी गिरावट आई थी. मार्च वायदा के लिए 1 किलो चांदी का भाव 7,500 रुपये टूटकर 2.58 लाख रुपये पर पहुंच गई थी. हालांकि अभी इसमें थोड़ी रिकवरी देखी जा रही है.
जंग के बीच क्यों गिरे सोने-चांदी के भाव?
कुछ एक्सपटर्स का कहना है कि जंग से पहले ही सोने और चांदी के भाव में भारी उछाल आई थी. साथ ही जंग के दौरान भी इन असेट में तेजी देखी गई थी, लेकिन अब निवेशक इसमें से भी मुनाफावसूली कर रहे हैं और कैश अपने पास रखना चाहते हैं.
दूसरी ओर, इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी के भाव में अस्थिरता बनी हुई है. चांदी का स्पॉट प्राइस 85 डॉलर से घटकर 83 डॉलर पर आ चुका है. 3 मार्च की उछाल के बाद इसमें 15 फीसदी की गिरावट आई थी. हालांकि अभी ये रिकवरी मोड में है. इसी तरह, सोने का भाव 5,626.80 डॉलर से गिरकर 5,200 डॉलर पर कारोबार कर रहा है.
रिकॉर्ड हाई से कितने सस्ते हैं सोना-चांदी?
जंग से पहले सोने और चांदी के भाव में भारी उछाल थी. एमसीएक्स पर सोने का रिकॉर्ड हाई लेवल 1.93 लाख रुपये है, जबकि चांदी का रिकॉर्ड प्राइस 4.20 लाख रुपये है. ऐसे में देखा जाए तो सोना अपने रिकॉर्ड हाई से 33 हजार रुपये सस्ता है और चांदी 1.62 लाख रुपये सस्ती है.
ETFs के दाम में भी गिरावट
सोने और चांदी के दाम में गिरावट के साथ ही सोने और चांदी ईटीएफ के भाव में भी गिरावट आई है. बुधवार को गोल्ड ईटीएफ 4 फीसदी तक गिर गया था, जबकि सिल्वर ईटीएफ 8 फीसदी तक टूट चुका था. गुरुवार को भी गोल्ड ईटीएफ में 2 फीसदी की गिरावट है और सिल्वर ईटीएफ में 4 फीसदी की.
(नोट- किसी भी तरह की खरीदारी से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
—- समाप्त —-