जागरण संवाददाता, कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में नए शैक्षिणक सत्र 2026-27 नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 45 डिग्री कालेजों ने आनलाइन आवेदन किया है। 28 फरवरी को समाप्त हुए आवेदन प्रक्रिया के बाद कुल 45 डिग्री कालेजों ने कुल 88 नए पाठ्यक्रम नए सत्र से शुरू करने के लिए आवेदन किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने डिग्री कालेजों से आए आवेदनों के बाद इनको अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। अब इन सभी डिग्री कालेजों को नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए संबद्धता की प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए गए है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश मिश्रा ने बताया कि नए पाठ्यक्रम के लिए आवेदन करने के लिए आनलाइन प्रक्रिया का पहला चरण 10 फरवरी को समाप्त हुआ था। उस समय तक 20 डिग्री कालेजों ने आवेदन किया था। पर शासन के निर्देश पर आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को 28 फरवरी तक बढ़ाया गया था। जिसके बाद 23 और डिग्री कालेजों ने आवेदन किया है।
उन्होंने बताया कि नए सत्र के लिए केवल दो एडेड डिग्री कालेजों जनता डिग्री कालेज औरैया और आरएसजीयू पीजी कालेज रमाबाई नगर ने तीन नए पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया है। वहीं 43 वित्तपोषित डिग्री कालेजों ने 85 पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि अब इन डिग्री कालेजों का संबद्धता की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए है।
इधर, नए सत्र से फाइनेंशियल लिटरेसी कोर्स अब डिग्री कालेजों में
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में संचालित कई रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को आनलाइन समर्थ पोर्टल पर मूडल एलएमएस के माध्यम से केंद्रीकृत रूप से संचालित किया जाएगा। इसमें- साइबर सिक्योरिटी, एआइ फार आल, फाइनेंशियल लिटरेसी, द फ़्यूचर आफ वर्क, फंडामेंटल आफ क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे पाठ्यक्रम शामिल है। छात्रों को स्नातक विषयों की पढ़ाई के साथ ही इन विषयों के सर्टिफिकेट कोर्स को माइनर विषय के तौर पर चुनने का मौका दिया जाएगा। इसमें द फ्यूचर आफ वर्क, फंडामेंटल आफ क्वांटम कंप्यूटिंग कोर्स पहली बार शुरू किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक प्रो. बिष्टि मित्रा ने बताया कि विद्या परिषद की बैठक में विश्वविद्यालय में संचालित कुछ रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ाया गया है। इस बार से द फ्यूचर आफ वर्क, फंडामेंटल आफ क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे पाठ्यक्रम को शामिल किया गया है। यह पाठ्यक्रम केवल विश्वविद्यालय परिसर में पढ़ने वाले छात्रों के लिए होगा।
वहीं, साइबर सिक्योरिटी, एआइ फार आल, फाइनेंशियल लिटरेसी जैसे पाठ्यक्रमों को अब डिग्री कालेज के छात्रों को भी पढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि साइबर सिक्योरिटी स्नातक के दूसरे सेमेस्टर में, फाइनेंशियल लिटरेसी चौथे सेमेस्टर में अब डिग्री कालेज के छात्र भी पढ़ सकेंगे। यह सभी रोजगारपरक पाठ्यक्रम सर्मथ पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। छात्रों को स्नातक विषयों के पढ़ाई के साथ ही इन विषयों के सर्टिफिकेट कोर्स को माइनर विषय के तौर पर चुनने का मौका देगा।
बीएड-बीए व बीएससी-बीएड में प्रवेश को दस तक करें आवेदन
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने नए शैक्षणिक सत्र से चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आइटीईपी) के तहत बीए-बीएड और बीएससी-बीएड पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस कोर्स में आवेदन के लिए अंतिम तिथि दस मार्च निर्धारित की है। खास बात यह है कि अब छात्र-छात्राओं को अलग से स्नातक और बीएड करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि चार वर्षों में ही दोनों डिग्रियां एक साथ प्राप्त की जा सकेंगी। बीए-बीएड और बीएससी-बीएड में 50-50 सीटों की एक-एक इकाई स्वीकृत की गई है। सीएसजेएमयू की शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष व निदेशक डा. तनुजा भट्ट ने बताया कि इस नए पाठ्यक्रम में 12वीं उत्तीर्ण या इस साल परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा। इसके लिए आवेदन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आनलाइन कर सकते है, आवेदन की अंतिम तिथि 10 मार्च निर्धारित की गई है।
बीएड पाठ्यक्रम में आवेदन की तिथि पांच अप्रैल तक बढ़ाई गई
सीएसजेएमयू के कुलसचिव राकेश मिश्रा ने बताया कि विशेष सचिव उच्च शिक्षा की तरफ से शुक्रवार को बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में विभाग ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के साथ ही निर्देश भेजा है। उन्होंने बताया कि बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि पांच अप्रैल तक बढ़ा दिया है, विलंब शुल्क के साथ 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकते है। जबकि प्रवेश परीक्षा 31 मई को आयोजित होगा। इस बार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय आयोजित करा रहा है।