जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की जून सत्र-2026 सम सेमेस्टर (शैक्षिक सत्र-2025-2026 में प्रवेश लेने वाले छात्रों को छोड़कर) का परीक्षा शुल्क छात्र-छात्राएं आगामी 30 मार्च तक जमा करा दें। इसके बाद उनको ढाई सौ व पांच सौ रुपए विलंब शुल्क देना होगा।
जून-2026 सत्र की सम सेमेस्टर परीक्षा के आनलाइन फार्म समर्थ पोर्टल पर गत 14 से 20 मार्च तक भरे गए। साथ ही गत 17 मार्च से परीक्षा शुल्क जमा किया जा रहा है। छात्रों द्वारा परीक्षा फार्म का आनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 मार्च तक है। इसके बाद छात्रों को विलंब शुल्क देना होगा।
परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य के अनुसार तीन अप्रैल तक 250 एवं पांच अप्रैल तक पांच सौ रुपए विलंब शुल्क देना होगा। कालेज विश्वविद्यालय पोर्टल पर आनलाइन सत्यापन कराए जाने की अंतिम तिथि सात अप्रैल है। जबकि कालेज व संस्थानों द्वारा नामिनल रोल (एनआर) समेत परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा कराने की अंतिम तिथि नौ अप्रैल है।
परीक्षा नियंत्रक के अनुसार परीक्षाएं आगामी 11 अप्रैल से की आयोजित की जाएंगी। ऐसे छात्र-छात्राएं जिनका विषय चयन कालेज व विभाग द्वारा नहीं किया जाएगा। उनका परीक्षा शुल्क भरना संभव नहीं होगा।
एमएससी कृषि व बीएससी का परीक्षा परिणाम घोषित
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेज, संस्थान एवं परिसर का एमएससी कृषि (सीड साइंस एंड टेक्नोलाजी तृतीय सेमेस्टर), बीएससी (फूड माइक्रोबाइलाजी सेफ्टी एंट क्वालिटी कंट्रोल) तृतीय एवं पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है।
इनके साथ ही एमएससी (मेडिकल माइक्रोबाइलाजी) तृतीय सेमेस्टर, बीकाम एलएलबी तृतीय एवं पांचवें सेमेस्टर एवं बीएएलएलबी तृतीय सेमेस्टर की दिसंबर-25 की परीक्षा में शामिल हुए छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 23 मार्च से उपलब्ध रहेगा।