बॉलीवुड में कॉमेडी के मामले में अक्षय कुमार का कोई तोड़ नहीं है. वो जिस तरह अपने कॉमिक अंदाज में डायलॉग बोलते हैं, वो देखकर हर किसी की हंसी छूट जाती है. 2000s से ही अक्षय कई हिट कॉमेडी फिल्मों का हिस्सा रहे, जिसमें से ज्यादातर उनकी फिल्में प्रियदर्शन के साथ रहीं.
अक्षय-प्रियदर्शन की 16 साल बाद वापसी
‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दना दन’, ‘खट्टा मीठा’ जैसी सुपरहिट फिल्में कर चुके अक्षय कुमार और प्रियदर्शन करीब 16 साल के बाद ‘भूत बंगला’ से वापस आए हैं. इस फिल्म के टीजर का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, जो अब फाइनली रिलीज हो चुका है. टीजर को पहली नजर में देखने से ही ऐसा लग रहा है कि उनकी ये फिल्म भी हिट होने वाली है.
प्रियदर्शन की ‘भूत बंगला’ के टीजर की शुरुआत उसी भूतिया अंदाज में होती है, जैसे उनकी साल 2007 में आई ‘भूल भुलैया’ हुई थी. यहां फर्क सिर्फ इतना है कि उसमें मंजूलिका नाम की चुड़ैल थी, इसमें वधुसुर नाम का भूत है. टीजर में कहा जा रहा है कि मंगलपुर में कोई भी शादी नहीं करना चाहता क्योंकि वहां वधुसुर नाम का भूत रहता है.
इसके बाद शुरू होता है कॉमेडी का असली खेल जिसमें अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव की तिगड़ी दिखती है. अक्षय जहां अपने वही पुराने अवतार में नजर आते हैं. वहीं परेश रावल डरे हुए, तो राजपाल के साथ स्लैपस्टिक कॉमेडी का खेल खेला जाता है. टीजर में तब्बू और वामिका गब्बी जैसी एक्ट्रेसेस का भी लुक रिवील होता है. साथ ही हमें ‘दिवंगत’ एक्टर असरानी की भी झलक दिखती है.
फिल्म ‘भूत बंगला’ में जिशु सेनगुप्ता, मनोज जोशी, राजेश शर्मा और मिथिला पालकर जैसे एक्टर्स भी हैं. ये फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है, जिसका ट्रेलर भी जल्द सामने आएगा. इसे एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है.
‘धुरंधर 2’ के बाद ‘भूत बंगला’ दिखाएगी दम?
प्रियदर्शन और अक्षय की फिल्म ‘भूत बंगला’, आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ से करीब 1 महीने बाद रिलीज होने वाली है. ‘धुरंधर 2’ को लेकर मार्केट में कितना क्रेज जारी है, ये हर कोई जानता है. फिल्म कितनी तगड़ी कमाई करेगी, इसका आइडिया भी कई लोग अभी से लगा चुके हैं. ऐसे में क्या अक्षय की ‘भूत बंगला’ भी रिलीज के बाद फायदे में रहेगी, ये देखना दिलचस्प रहेगा.
—- समाप्त —-