बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद नजर आ रहा है।
चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार रात से मौसम ने करवट ली। देर रात शुरू हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद नजर आ रहा है। तापमान माइनस में पहुंचने के कारण ठंड में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।
.
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली, बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी समेत जिले के सभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। इन इलाकों की वादियां एक बार फिर बर्फ की चादर से ढक गई हैं।
पर्यटन और कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि इस बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विशेषकर औली में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय होटल, ढाबों और अन्य पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को लाभ होगा।
वहीं, चमोली जिले के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बारिश और बर्फबारी से किसानों को भी राहत मिली है। लंबे समय से वर्षा की कमी के कारण फसलों को नुकसान की आशंका थी, लेकिन अब खेतों में नमी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।