जागरण संवाददाता, आगरा। सुबह से ही तेज धूप निकलने के बाद शुक्रवार दोपहर में कुछ देर के लिए बादल छाए। इसके बाद धूप तेज हो गई, इससे दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह के बाद रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को बादल छाने के साथ ही बारिश हो सकती है।
सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा दिन का तापमान
सुबह सात बजे के बाद धूप तेज होती गई, इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10 बजे के बाद धूप तेज होने के साथ ही हवा चलने लगी, दोपहर में कुछ देर के लिए बादल छाए इसके बाद धूप निकल आई। तेज धूप में खड़ा होना मुश्किल हो गया।
सुबह का तापमान भी बढ़ा, रात में भी गर्मी से राहत नहीं
इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी तेज धूप निकलेगी और हवा चलेगी। रविवार को बादल छाने के साथ ही बारिश हो सकती है लेकिन तापमान में गिरावट नहीं आएगी।
संजय प्लेस की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित
वातावरण में धूल कण और प्रदूषक तत्व बढ़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) भी बढ़ रहा है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा एक्यूआइ 179 संजय प्लेस का दर्ज किया गया। इसमें भी अति सूक्ष्म कण का अधिकतम स्तर 329 तक पहुंच गया। वहीं, कार्बन मोनो आक्साइड का स्तर 41 और ओजोन का स्तर 101 तक रहा।
एसएन मेडिकल कॉलेज के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के डॉक्टर संतोष कुमार ने बताया कि ओजोन का स्तर बढ़ने से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेचैनी और घबराहट की समस्या हो सकती है। घर से बाहर जाने पर मास्क का इस्तेमाल करें।