देश के कई राज्यों में जहां गर्मी पड़ रही है, वहीं उत्तर भारत में एक बार फिर से 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आंधी भी चलने की संभावना है। वहीं, इस बारिश के चलते कई जिलों में तापमान में एक बार फिर से कमी आएगी। वहीं, पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम बिगड़ने वाला है।

इसके अलावा राजस्थान, केरल और तमिलनाडु में 12 मार्च और 13 मार्च को खतरनाक लू चलने की चेतावनी है। वहीं, पूर्वी भारत में भी दोपहर में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। तो चलिए जानते हैं देश के अन्य राज्यों में कल मौसम का हाल कैसा रहेगा…
उत्तर भारत के 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के 7 राज्यों में बारिश परेशानी बढ़ाने वाली है। जिन राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है उनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं।
- आईएमडी के मुताबिक 12 मार्च से 17 मार्च तक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में हल्की से मध्यम वर्षा/बर्फबारी की संभावना है।
- उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को तथा राजस्थान में 14 और 15 मार्च को हल्की बारिश, गरज, बिजली की संभावना है।
- 12 से 17 मार्च के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी छिटपुट हल्की वर्षा/बर्फबारी की संभावना है।
- 15 मार्च को उत्तराखंड में गरज, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
- 14 से 16 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश की संभावना है।
- बिजली गिरने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में कल यानी 12 मार्च की शाम से आसमान में बादल छाएंगे। वहीं, दिन में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इस हवा के चलते प्रदूषण से राहत मिलेगी और एक्यूआई में कमी देखने को मिलेगी। वहीं, दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा
आईएमडी के अनुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को हल्की से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी है। वहीं, 15 से अधिक जिलों में तापमान बढ़ने वाला है। जिन जिलों में तापमान बढ़ने की चेतावनी है उनमें मेरठ, आगरा, मथुरा, आजमगढ़, अलीगढ़, बागपत, अमरोहा, औरैया, बाराबंकी, बस्ती, भदोही, बुलंदशहर, बरेली, चित्रकूट, अयोध्या और कानपुर शामिल हैं। वहीं, लखनऊ में कल अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा
बिहार में कल मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन गर्मी मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं। कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने वाला है। जिन जिलों में तापमान बढ़ने वाला है उनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, पूर्णिया, किशनगंज और अररिया है। वहीं, पटना में कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
उत्तराखंड में कल मौसम कैसा रहेगा
उत्तराखंड में 15 मार्च से भारी बारिश का सिलसिला शुरू होगा। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, कल से कुछ जिलों में गर्मी बढ़ने की चेतावनी है। जिन जिलों में गर्मी बढ़ने वाली है उनमें देहरादून, नैनीताल, चमोली और रुद्रप्रयाग शामिल हैं। देहरादून में कल अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
हिमाचल में कल मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 12 मार्च से 17 मार्च तक बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। जिन जिलों में बारिश की चेतावनी है उनमें शिमला,मंडी चंबा, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और कुल्लू शामिल हैं। वहीं, शिमला में कल अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
| शहर | अधिकतम तापमान (12 मार्च) | न्यूनतम तापमान (12 मार्च) |
| दिल्ली | 33°C | 19°C |
| मुंबई | 32°C | 25°C |
| चेन्नई | 31°C | 23°C |
| कोलकाता | 32°C | 24°C |
| लखनऊ | 36°C | 19°C |
| पटना | 34°C | 21°C |
| रांची | 32°C | 19°C |
| भोपाल | 36°C | 21°C |
| जयपुर | 34°C | 21°C |
| शिमला | 22°C | 10°C |
| नैनीताल | 26°C | 15°C |
राजस्थान में कल मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान में 12 मार्च से कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। जिनमें जयपुर, बाड़मेर, अजमेर, जोधपुर, अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर शामिल हैं। वहीं, दोपहर के समय 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। जयपुर में कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मध्य प्रदेश में कल मौसम कैसा रहेगा
मध्य प्रदेश में कल यानी 12 मार्च को कई जिलों में लू पड़ने की चेतावनी है। जिन जिलों में भीषण लू पड़ेगी उनमें खरगोन, दतिया, ग्वालियर, छतरपुर और रतलाम शामिल हैं। वहीं, कल राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पूर्वोत्तर भारत में कल मौसम कैसा रहेगा
- 12 से 17 मार्च के दौरान पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर हल्की/मध्यम वर्षा, गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
- साथ ही 13 से 15 मार्च के दौरान असम और मेघालय में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) चल सकती हैं।
- 12 से 14 मार्च के दौरान अरुणाचल प्रदेश में और 13 से 15 मार्च के दौरान असम और मेघालय में छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में कल मौसम कैसा रहेगा
- विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 13 से 15 मार्च के दौरान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14 और 15 मार्च को, पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 मार्च को, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 से 16 मार्च के दौरान, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11, 15 और 16 मार्च को बारिश की संभावना है।
- बिहार में 15 और 16 मार्च को, झारखंड में 11, 12 और 15 से 17 मार्च के दौरान, और ओडिशा में 11, 12 और 15 मार्च को गरज, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
