Rajasthan Gold Silver Price: राजस्थान में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार की बड़ी छलांग के बाद अब सोमवार को भी सर्राफा बाजार में मजबूती देखने को मिली. सोमवार को सोने की कीमत में करीब ₹2,000 प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव ₹5,000 प्रति किलो तक और महंगे हो गए. लगातार दूसरे दिन आई तेजी से निवेशकों में जहां उत्साह है, वहीं आम ग्राहकों की चिंता भी बढ़ती नजर आ रही है.
राजस्थान सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, सोमवार को प्रदेश में शुद्ध चांदी का भाव बढ़कर करीब 2,73,700 रुपये प्रति किलो के आस-पास पहुंच गया. वहीं 18 कैरेट चांदी की कीमत भी बढ़कर लगभग 1,72,000 रुपये रही. सोने की बात करें तो 24 कैरेट सोने का भाव सोमवार को 1,62,200 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. इसके अलावा 23 कैरेट जेवराती सोना करीब 1,55,790 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,49,385 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है. इन सभी दरों पर ग्राहकों को 3 प्रतिशत जीएसटी अलग से देनी होगी, जिससे खरीदारी का कुल खर्च और बढ़ जाता है.
कीमतों में नरमी के आसार नहीं के बराबर
सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार बनी मजबूती, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर की स्थिति का असर सीधे सोने-चांदी पर पड़ रहा है. इसके साथ ही घरेलू स्तर पर शादी-विवाह का सीजन और निवेशकों की सुरक्षित विकल्प की ओर बढ़ती रुचि भी कीमतों को सहारा दे रही है. यही वजह है कि बाजार में फिलहाल नरमी के आसार कम ही नजर आ रहे हैं.
राजस्थान के प्रमुख प्रमुख शहरों में सोने-चांदी के भाव
राजधानी जयपुर में सोमवार को शुद्ध चांदी का भाव करीब 2,80,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया, जबकि 24 कैरेट सोना 1,65,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रहे. जोधपुर में शुद्ध चांदी करीब 2,80,500 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,64,500 रुपये रहा. वहीं उदयपुर में शुद्ध चांदी की कीमत करीब 2,79,500 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,64,800 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.कोटा में भी चांदी के भाव 2,78,800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए, जबकि 24 कैरेट सोना 1,65,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा.
राजस्थान के सर्राफा बाजार में तेजी का दौर जारी
बाजार जानकारों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय संकेत ऐसे ही बने रहे, तो आने वाले दिनों में सोने-चांदी के दामों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. सोमवार की यह बढ़ोतरी साफ संकेत दे रही है कि राजस्थान के सर्राफा बाजार में तेजी का दौर फिलहाल जारी है और खरीदारों को फिलहाल राहत का इंतजार करना पड़ सकता है.