Last Updated:
Hardik Pandya Player of the Match: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के करो या मरो मैच में भारत को मिली 72 रन से जीत के प्लेयर ऑफ द मैच ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या बने. हार्दिक ने अंतिम ओवरों में तूफानी बैटिंग करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में 50 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिससे भारत ने टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. गेंदबाजी में ही हार्दिक काफी किफायती रहे. उन्होंने तीन ओवर में सिर्फ 21 रन ही दिए.

हार्दिक पंड्या बने प्लेयर ऑफ द मैच.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम की टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा हैं. सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे पर 72 रन से बड़ी जीत दर्ज करते हुए टीम इंडिया ने दो अंक बटोरे और ग्रुप-1 की अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है. टॉप-4 में जगह बनाने के लिए अब भारत को अपने आखिरी सुपर-8 में वेस्टइंडीज को हराना होगा. चेपॉक में भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक ठोका तो संजू सैमसन ने भी टीम को तेज शुरुआत दिलाई. इसके बाद ईशान किशन ने आतिशी पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 250 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. तिलक वर्मा भी जिम्बाब्वे के खिलाफ रंग में नजर आए. हालांकि, हार्दिक पंड्या को उनकी ऑलराउंड परफॉरमेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
हार्दिक का ऑलराउंड परफॉरमेंस
हार्दिक का भारत की इस जीत में अहम रोल रहा. उन्होंने दोनों पारियों में शानदार खेल दिखाया. टॉस गंवाने के बाद पहले बैटिंग करते उतरी टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगाते हुए 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए. महज 5 रन से टीम इतिहास रचने से चूक गई. टीम को 250 के पार पहुंचाने में हार्दिक पंड्या की बड़ी भूमिका रही. उन्होंने अंतिम ओवरों में चौके-छक्कों की बरसात करते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की कुटाई कर दी. 217 के स्ट्राइक रेट वाली 50 रनों की नाबाद तूफानी पारी में हार्दिक ने दो चौके और चार छक्के लगाए.
हार्दिक पंड्या बने प्लेयर ऑफ द मैच.
गेंदबाजी में भी दिखाया कमाल
बल्ले के बाद हार्दिक गेंद से भी चमके. भले ही उन्हें कोई सफलता नहीं मिली, लेकिन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों पर शिंकजा कस कर रखा. हार्दिक टीम के दूसरे सबसे किफायती गेंदबाज रहे. उन्होंने तीन ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 7 की इकॉनमी से सिर्फ 21 रन ही दिए. अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन बॉलिंग करते हुए तीन विकेट लेकर जिम्बाब्वे को जीत तक नहीं पहुंचने दिया. वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे के एक-एक विकेट से जिम्बाब्वे के बल्लेबाज 184 रन तक ही पहुंच सके.
अपने प्रदर्शन से खुश हार्दिक
मैच जीतने के बाद हार्दिक पंड्या ने अपनी ताबड़तोड़ पारी को लेकर कहा, ‘मैं काफी खुश हूं. 23 गेंदों में 50 सुनने में थोड़ा अजीब लगता है, लेकिन उस स्थिति में मुझे खुद को दोबारा आंकना पड़ा. मुझे लगा कि मैं ज्यादा जोर से मारने की कोशिश कर रहा था. मैच के दौरान अहसास हुआ कि मैं टाइमिंग पर भरोसा रखकर भी छक्के लगा सकता हूं. मेरे लिए यह लय बनाए रखने वाला अच्छा मैच रहा, क्योंकि पिछले कुछ मैचों में मैं वो नहीं कर पा रहा था जो चाहता था. इसलिए मैं संतुष्ट हूं.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें