जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआइडीएआइ) की ओर से लखनऊ के 175 अधिकृत आधार केंद्रों की लोकेशन अब गूगल मैप्स पर उपलब्ध होगी। प्रदेश में ऐसे केंद्रों की संख्या 14 हजार है, जिनकी गूगल मैपिंग की जानी है। गूगल मैप्स पर इन केंद्रों की लोकेशन उपलब्ध होने से लोग संबंधित केंद्र पर आसानी से पहुंच सकेंगे।
यूआइडीएआइ ने गूगल मैप्स पर अधिकृत आधार केंद्रों को प्रदर्शित करने के लिए गूगल इंडिया के साथ साझेदारी की है। इस पहल से नागरिकों को आधार केंद्रों की पहचान करने में सहायता मिलेगी। साथ ही वयस्क नामांकन, बाल नामांकन, केवल पता और मोबाइल फोन नंबर अपडेट जैसी सेवाओं से संबंधित केंद्रों की सटीक जानकारी उपलब्ध होगी।
गूगल मैप्स पर केंद्र की सुगमता से संबंधित जानकारी- दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग की उपलब्धता और संचालन समय संबंधी जानकारी को भी प्रदर्शित किया जाएगा। अभी केवल चुनिंदा केंद्र ही गूगल मैप्स पर लिंक हैं।
यह भी पढ़ें- 3 साल 7 महीने और 5 दिन बाद आया फैसला, 23 आरोपी रहे जेल में; दिल्ली शराब घोटाला की क्रोनोलॉजी
यूआइडीएआइ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि हम हमेशा आधार नंबर धारकों की सुगमता के लिए काम करते रहे हैं। अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंच आसान होने से आधार सेवाएं मिलने में भी लोगों को आसानी होगी।
अगले चरण में यूआइडीएआइ केंद्र की जानकारी को प्रबंधित करने और लोगों की प्रतिक्रिया का सीधे जवाब देने के लिए गूगल बिजनेस प्रोफाइल का उपयोग करेगा, जिससे एक पारदर्शी और उत्तरदायी सेवा प्रणाली सुनिश्चित होगी। यूआइडीएआइ के उप महानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि भविष्य में यह साझेदारी गूगल मैप्स इंटरफेस के माध्यम से सीधे अप्वाइंटमेंट बुकिंग की संभावनाओं का भी पता लगाएगी।