जागरण संवाददाता, बरेली। भारतीय सेना में वर्ष-2026-27 की अग्निवीर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुुरु हो चुकी है। सरकार अभ्यार्थियों की मांग को देखते हुए इस बार अधिकतम आयु सीमा एक वर्ष बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी है। भर्ती के लिए अब 17.5 वर्ष से 22 वर्ष की आयु वाले युवा आवेदन कर सकेंगे।
इसके लिए एक अप्रैल तक आवेदन मांगा गया है। इसके लिए जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर, ट्रेड्समैन और अग्निवीर वूमन मिलिट्री पुलिस के पदों लिए भी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
नर्सिंग सहायक (एनए-एनए वेट) के लिए अधिकतम आयु 23 वर्ष और सिपाही फार्मा के लिए 25 वर्ष निर्धारित की गई है। सभी वर्गो के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपए तय किया गया है। अभ्यार्थियों को एक फार्म में दो-दो पदों के लिए आवेदन का मौका मिलेगा, यानी इस बार दो पदों के लिए अभ्यर्थी एक साथ अप्लाई कर सकेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय बरेली के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों (बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर) के इच्छुक उम्मीदवार एक अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
इसके लिए भारतीय सेना की ऐबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर आनलाइन आवेदन कर कर सेंगे। सेना के अधिकारियों ने किसी प्रकार की अन्य जानकारी या असुविधा होने पर सहायता के लिए सेना भर्ती कार्यालय बरेली में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक संपर्क करने लिए सुझाव दिया है। पूरी जानकारी (पद, शैक्षणिक योग्यता एव आयु) सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है।