क्रिकेट के खेल में फॉर्म और उम्र दोनों ही बड़ा फैक्टर रहती हैं। अक्सर फॉर्म से जूझने के बाद खिलाड़ी इस खेल से दूरी बनाने का फैसला कर लेते हैं। टी20 वर्ल्ड कप के बाद भी ऐसे कुछ नाम सामने आ सकते हैं।

सूर्यकुमार यादव (भारत)
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम है। 35 वर्षीय सूर्या मौजूदा समय में टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन बढ़ती उम्र और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वह वर्ल्ड कप के बाद वे टी20 फॉर्मेट से हट सकते हैं ताकि युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सके। हालांकि उनका फॉर्म भारत के लिए हमेशा अहम रहा है लेकिन 2026 का यह मेगा इवेंट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी पड़ाव हो सकता है।
ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल पहले ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल टी20आई में सक्रिय हैं। मैक्सवेल अब 37 साल के होने वाले हैं। पूर्व दिग्गज रिकी पोंटिंग ने भी संकेत दिए हैं कि 2026 वर्ल्ड कप मैक्सवेल का आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। वही टी20 वर्ल्ड कप में उनकी खराब फॉर्म इस बात का संकेत भी है कि मैक्सवेल में अब वो पुरानी वाली बात नहीं रही। ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही बाहर होना पड़ा और इसकी सबसे बड़ी वजह कहीं ना कहीं मैक्सवेल की फॉर्म भी थी।
डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका)
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज मिडल ऑर्डर बल्लेबाजी डेविड मिलर ने लंबे समय से इस टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभाई है। 2010 से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे मिलर ने 2024 वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार के बाद 2026 को अपना अंतिम लक्ष्य बनाया था। अब जब टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर है तो यह अनुभवी बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी जर्सी में अपने आखिरी कुछ मैच खेल रहा है।
मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान)
अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे सीनियर खिलाड़ी मोहम्मद नबी 41 साल की उम्र में इस वर्ल्ड कप के सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में से एक हैं। नबी पहले ही वनडे क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। अफगानिस्तान के सुपर-8 की रेस से बाहर होने के बाद नबी इस टूर्नामेंट के ठीक बाद अपने संन्यास की आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
आदिल राशिद (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के दिग्गज लेग स्पिनर आदिल राशिद भी करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। 37 वर्षीय राशिद इंग्लैंड की दो वर्ल्ड कप जीत (2019 और 2022) के अहम हिस्सा रहे हैं। टी20 फॉर्मेट में उनकी सटीकता और विकेट लेने की क्षमता बेमिसाल रही है। लेकिन वह भी इस टूर्नामेंट के बाद क्रिकेट के खेल को अलविदा कह सकते हैं।
