संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। महाशिवरात्रि पर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पांचवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की जाएगी।
इसे लेकर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ओंकारेश्वर मंदिर को लगभग दस क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया गया है।
परंपरा के अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि पर्व पर तय की जाती है।

मंदिर समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वाईएस पुष्पवाण ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित करने के लिए सुबह 9:30 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा।
कपाट खुलने की तिथि पंचांग गणना के अनुसार तय की जाएगी। साथ ही भगवान की पंचमुखी डोली के केदारनाथ धाम प्रस्थान का दिन भी तय किया जाएगा।

वहीं जनपद में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गईं हैं। इस दौरान भक्तजन भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना, बेल पत्र और जलाभिषेक करेंगे।
जिला मुख्यालय के प्रसिद्ध शिवालय कोटेश्वर महादेव के साथ ही ओंकारेश्वर ऊखीमठ, विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी, त्रियुगीनारायण, तुंगेश्वर मंदिर फलासी, बसुकेदार मंदिर, रुद्रनाथ मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
मंदिरों में साफ-सफाई और सजाने का कार्य पूरा हो गया है।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम के रावल की नियुक्ति पर घमासान, परंपरा बनाम नियमों के बीच जंग
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में हेलीपैड का होगा विस्तार, 2.13 करोड़ रुपये मंजूर
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष कब खुलेंगे ? तिथि और यात्रा को लेकर मंदिर समिति ने शुरू कर दी तैयारियां