Tuesday, March 17, 2026
HomeBusinessसलमान आगा के रन आउट पर इतना हंगामा क्यों? 78 साल में...

सलमान आगा के रन आउट पर इतना हंगामा क्यों? 78 साल में ये 4 विवाद समझा देंगे नियम और खेल भावना की पूरी कहानी – salman agha run out controversy spirit of cricket debate bangladesh vs pakistan tspoa

क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी एक छोटा सा फैसला बड़ा विवाद बन जाता है. मीरपुर (ढाका) के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में 13 मार्च (शुक्रवार) को ऐसा ही विवाद हुआ, जो तमाशा बन गया. एक रन-आउट से पूरे स्टेडियम का माहौल गरम हो गया. कमेंट्री बॉक्स से सोशल मीडिया तक इस विवाद को लेकर बहस छिड़ गई. फैन्स और एक्सपर्ट्स बंट गए. किसी ने खेल भावना को आहत करने वाला फैसला बताया तो किसी ने ‘नो स्पोर्टमैन स्पिरिट’ कहा. आइए बताते हैं कि ये विवाद कैसे शुरू हुआ, और पहले ऐसे कितने खेल भावना को आहत रन आउट हुए हैं.

दरअसल, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच इन दिनों वनडे सीरीज चल रही है. 13 मार्च को दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला खेला जा रहा था. इस मुकाबले में विवाद पहली पारी के 39वें ओवर में शुरू हुआ. पाकिस्तान की टीम बल्लेबाजी कर रही थी. हुआ ये कि मोहम्मद रिजवान ने बांग्लादेशी बॉलर मेहदी हसन मिराज की गेंद पर सामने की तरफ शॉट खेला. दूसरे एंड पर सलमान आगा क्रीज से थोड़ा बाहर थे, तभी गेंद उनसे टकरा गई. सलमान गेंद को बल्ले से अपने पास खींचकर उसे उठाकर गेंदबाज को देने की तैयारी में थे, लेकिन तभी मिराज ने गेंद लेकर स्टम्प पर मार दी. बांग्लादेशी फील्डरों ने अंपायर से आगा को आउट करार देने की अपील की. फील्ड अंपायर ने इसे थर्ड अंपायर को रेफर कर दिया. थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दे दिया.

इस फैसले से सलमान आगा आगबबूला हो गए और पवेलियन लौटते वक्त ग्लव्स और हेलमेट फेंक दिए. इस हरकत पर उनकी जमकर फजीहत हुई, लेकिन कई लोग उनके समर्थन में भी आए. टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने इस पूरे विवाद पर आगा का समर्थन किया. कैफ ने बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज की हरकत को गलत बताया. कैफ ने कहा कि ये बिल्कुल सही नहीं था. विकेट लेने का यह तरीका किसी भी तरह से सही नहीं है. बिना खेल भावना के खेल नहीं है.

इधर, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान आगा ने कहा कि रन आउट नियमों के मुताबिक था, लेकिन जब खेल भावना की बात आती है तो उसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए. आगा ने आगे कहा कि मेहदी हसन मिराज की जगह मैं होता तो ऐसा कभी नहीं करता. वहीं, बांग्लादेश के स्पिन बॉलिंग कोच मुश्ताक अहमद का मानना ​​था कि कप्तान मेहदी हसन मिराज ने कुछ भी गलत नहीं किया. सब कुछ बहुत जल्दी में हुआ. मुझे लगता है कि उस वक्त दोनों खिलाड़ियों में से किसी की भी गलती नहीं थी. सलमान उनकी मदद करना चाहते थे, लेकिन मिराज खेल में पूरी तरह डूबे हुए थे.

salman agha
सलमान अली आगा रन आउट होने के बाद आगबबूला हो गए. (Photo: AFP/Getty Images)

वैसे नियमों के मुताबिक सलमान आगा आउट थे, लेकिन कई खिलाड़ियों और फैन्स का कहना है कि कप्तान को खेल भावना दिखाते हुए वॉर्निंग देनी चाहिए थी. यही वजह है कि सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई कि ये सही था या नहीं? हालांकि ऐसे विवादित रन आउट का नजारा पहली बार नहीं दिखा है, इससे पहले भी कई बार रन आउट पर हंगामा मच चुका है.

…जब वीनू ने ऑस्ट्रेलियाई बैटर को किया रन आउट
1947-48 में भारतीय टीम पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी. तब सिडनी टेस्ट मैच के दौरान वीनू मांकड़ ने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर बिल ब्राउन को गेंद फेंकने से पहले क्रीज से बाहर होने पर रन आउट कर दिया था. उस वक्त भी इस फैसले को  ‘नो स्पोर्टमैन स्पिरिट’ कहा गया था. हालांकि रूल पूरी तरह वैलिड था. इस विवाद के बाद ‘मांकड़िंग’ शब्द चर्चां में आ गया था. हालांकि आईसीसी ने 2022 में नियम बदलते हुए ‘मांकड़िंग’ को आधिकारिक रूप से रन आउट की श्रेणी में शामिल कर दिया, जिसके तहत गेंदबाज नॉन-स्ट्राइकर एंड पर बल्लेबाज को रन आउट कर सकता है.

विवादित रन आउट की बात होगी तो इसमें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव का भी नाम सामने आ जाता है. 1992 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक मुकाबले में कपिल ने नॉन-स्ट्राइकर पीटर कर्स्टन को क्रीज से बाहर होने पर रन आउट कर दिया था. इसे भी खेल भावना को आहत करने वाला रन आउट कहा गया था. हालांकि कपिल का कहना था कि उन्होंने कर्स्टन को पहले कई बार वॉर्निंग दी थी, गेंद फेंके जाने से पहले क्रीज के बाहर मत निकलिए, लेकिन पीटर कर्स्टन बार-बार ऐसा कर रहे थे, इसलिए उन्हें ऐसा करना पड़ा.

सचिन को रन आउट करने पर हुआ था बखेड़ा
1999 में सचिन तेंदुलकर के रन आउट पर भी बहुत विवाद हुआ. भारत-पाकिस्तान के बीच कोलकाता में टेस्ट मैच खेला जा रहा था. इस मुकाबले में सचिन तीसरा रन लेते समय शोएब अख्तर से टकरा गए थे, तभी सब्स्टीट्यूट नदीम खान का सीधा थ्रो स्टम्प पर जा लगा और सचिन को पवेलियन लौटना पड़ा था. फैसला आते ही स्टेडियम में भारी हंगामा और बोतलें फेंकी गईं. मैच थोड़ी देर रोकना पड़ा. बाद में हजारों दर्शकों को स्टेडियम से बाहर भी करना पड़ा था.

अश्विन के रन आउट से भी हुआ बवाल

ASHWIN

2019 में आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में एक रन आउट ने क्रिकेट भावना को बहुत आहत किया था. तब सुर्खियों में आए थे दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन. किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला चल रहा था. अश्विन ने जोस बटलर को नॉन-स्ट्राइकर एंड पर क्रीज छोड़ने पर रन आउट कर दिया था. इसके बाद अश्विन की बहुत ट्रोलिंग हुई थी.

—- समाप्त —-

Suhas
Suhashttps://onlinemaharashtra.com/
Suhas Bhokare is a journalist covering News for https://onlinemaharashtra.com/
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments