न्यूजीलैंड की टीम को टी20 वर्ल्ड कप के बीच एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार गेंदबाज मैट हेनरी इंग्लैंड के खिलाफ मैच के बाद घर लौट जाएंगे।

टीम के साथ वापस जुड़ने की उम्मीद
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक मैट हेनरी के विकल्प के तौर पर किसी खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं की है। बोर्ड को उम्मीद है कि यदि कीवी टीम सेमीफाइनल और फाइनल के लिए क्वालीफाई करती है तो हेनरी कुछ ही दिनों में दोबारा टीम से जुड़ सकते हैं। हेनरी इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के लिए बेहद प्रभावशाली रहे हैं उन्होंने अब तक 5 मैचों में 22.17 की औसत और 7.39 की इकोनॉमी रेट से 6 विकेट चटकाए हैं।
कोच ने दी बड़ी जानकारी
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वॉल्टर ने इस पर बयान देते हुए कहा, ‘सबसे पहले, हम मैट और हॉली के दूसरे बच्चे के आगमन को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह उनके परिवार के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण क्षण है और हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। अभी बहुत कुछ होना बाकी है लेकिन हमें उम्मीद है कि टीम और मैट के लिए परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी और हम उन्हें प्रतियोगिता के अंतिम चरणों में फिर से खेलते हुए देखेंगे।’
सेमीफाइनल की रेस में न्यूजीलैंड
इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार का मैच न्यूजीलैंड के लिए करो या मरो जैसा है। यदि न्यूजीलैंड यह मैच जीत जाता है तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। लेकिन यदि वे बड़े अंतर से हारते हैं तो पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खुल सकते हैं।
