मार्च में मस्त मौसम, 20 मार्च तक कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, एक हफ्ते तक नहीं पड़ेगी हीटवेव – march climate western disturbance north india chilly wave rain lclar

मार्च में मस्त मौसम, 20 मार्च तक कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, एक हफ्ते तक नहीं पड़ेगी हीटवेव – march climate western disturbance north india chilly wave rain lclar

उत्तर भारत में मार्च के महीने में एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है. मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाकों में मौसम पूरी तरह बदल गया है. पिछले 24 घंटों में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.

मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में दोपहर 1 बजे का तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो आमतौर पर सर्दियों के दिनों के अधिकतम तापमान से भी कम है. दिल्ली और एनसीआर में भी दोपहर का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तौर पर जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत में देखा जाता है.

मार्च में ठंड ने फिर दी दस्तक 

मौसम विभाग के अनुसार मार्च के दूसरे सप्ताह के बाद तापमान बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन 15 मार्च के बाद सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने पूरे मौसम का रुख बदल दिया. इसके चलते पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

20 मार्च को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है. इसके अलावा मध्य भारत और पूर्वी भारत में 21 मार्च तक गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में 20 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 20 और 21 मार्च को ओले गिर सकते हैं.

मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना 

भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च को, असम और मेघालय में 20 से 24 मार्च के बीच, अरुणाचल प्रदेश में 24 मार्च को और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 20 और 21 मार्च को भारी बारिश हो सकती है. 21 मार्च को इन इलाकों में बहुत भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान सामान्य से कम बना रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय रहने के कारण देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. हालांकि इस दौरान किसी भी बड़े हीटवेव की संभावना नहीं है.

दिल्ली और एनसीआर में पिछले 24 घंटों से हो रही बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट आई है और यह स्थिति सप्ताह के अंत तक बनी रह सकती है. शनिवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.

न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान सामान्य से कम दर्ज किए जा रहे हैं. कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है. रविवार को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है.

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी 

इस बदले मौसम का असर पहाड़ी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है. जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण सैलानियों की संख्या बढ़ गई है. वहीं मैदानी इलाकों में भी मौसम सुहाना बना हुआ है. मार्च का तीसरा सप्ताह इस बार लोगों के लिए राहत लेकर आया है. आमतौर पर इस समय गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार ठंडे मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है.
 

—- समाप्त —-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *