जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद रविवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।
सुबह से ही बादल छाए हरे। दोपहर बाद कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में आए बदलाव का असर शाम के समय भी देखने को मिला। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग घूमने निकले। शहर के पार्कों और सुखना लेक पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के साथ वर्षा की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा अगले दो दिनों तक भी बादल छाए रहने की संभावना है। 19 और 20 मार्च को एक बार फिर हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आया है। बीते शनिवार को पहला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ, जिसके प्रभाव से रविवार और सोमवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
विभाग के मुताबिक 17 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 18 मार्च से अगले तीन दिनों तक चंडीगढ़ के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होने की संभावना है।