दिल्ली-NCR में रामनवमी पर आज बैंक बंद या खुले? मार्च क्लोजिंग के दबाव के साथ ही 4 दिन तक रहेंगी छुट्टियां

दिल्ली-NCR में रामनवमी पर आज बैंक बंद या खुले? मार्च क्लोजिंग के दबाव के साथ ही 4 दिन तक रहेंगी छुट्टियां

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मार्च के अंतिम सप्ताह में बैंकों पर काम का दवाब होता है, कयोंकि वित्त वर्ष खत्म हो रहा होता है। इसके साथ ही इस बार बैंकों और बैंकिंग सेवाओं को लेकर हालात थोड़े और चुनौती भरे हो गए हैं।

मार्च क्लोजिंग के साथ रामनवमी और वीकेंड की छुट्टियां भी आ गई हैं। ऐसे में अगर आपने अपने बैंक से जुड़े जरूरी काम समय पर नहीं निपटाए, तो अब आपका इंतजार लंबा हो सकता है।

1 अप्रैल से वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत हो जाएगी, इसलिए 31 मार्च तक टैक्स, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े कामों का रिकाॅर्ड पूरा करना जरूरी होता है। हालांकि इसी दौरान राम नवमी, महावीर जयंती और वीकेंड के कारण बैंक चार दिन तक बंद रहने वाले हैं।

रामनवमी पर आज दिल्ली-NCR में बैंक खुले या बंद ?

इस बार राम नवमी की तिथि को लेकर राज्यों में अंतर है। भारतीय रिजर्व बैंक की अवकाश सूची के अनुसार अलग-अलग राज्यों में बैंक अलग-अलग दिन बंद रहेंगे।

26 मार्च (गुरुवार): दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत अधिकांश राज्यों में 26 मार्च को राम नवमी के अवसर पर बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

27 मार्च (शुक्रवार): बिहार, ओडिशा और सिक्किम में राम नवमी (चैते दशैं) का पर्व 27 मार्च को मनाया जाएगा, इसलिए इन राज्यों में शुक्रवार को बैंक अवकाश रहेगा।

26 से 31 मार्च के बीच चार दिन बंद रहेंगे बैंक 

मार्च के अंतिम सप्ताह में बैंकिंग सेवाओं पर छुट्टियों का बड़ा असर पड़ेगा। एक छोटे से काम के लिए भी आपको अब कई दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है।

जानिए कब हैं बैंकों की छुट्टियां:

26 या 27 मार्च: राम नवमी के कारण क्षेत्रीय अवकाश
28 मार्च: महीने का चौथा शनिवार, देशभर में बैंक बंद
29 मार्च: रविवार का साप्ताहिक अवकाश
31 मार्च: महावीर जयंती के अवसर पर कई राज्यों में बैंक बंद

इस हिसाब से 26 मार्च से 31 मार्च के बीच केवल 30 मार्च को ही बैंक खुलेंगे।

किन कामों के लिए बैंक जाना है जरूरी

ऑनलाइन बैंकिंग ने कई बैंकिंग सेवाएं आसान कर दी हैं, लेकिन बैंक के कुछ काम ऐसे भी हैं, जिनके लिए बैंक की शाखा में जाना ही पड़ता है। उदाहरण के तौर पर:

  • नया बैंक खाता खुलवाना
  • KYC अपडेट कराना
  • डिमांड ड्राफ्ट बनवाना
  • पासबुक प्रिंट कराना
  • लोन से जुड़ी चर्चा
  • लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना

इन कामों के लिए ग्राहकों को बैंक अधिकारी से मिलना पड़ता है। हालांकि केवाईसी अपडेट, पासबुक प्रिंटिंग, लोन को लेकर चर्चा जैसे काम आगे भी बढ़ाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *