
इमेज स्रोत, Getty Images
टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दक्षिण
अफ्रीका को 9 विकेट से मात दी. इसके साथ ही न्यूजीलैंड टूर्नामेंट के फाइनल में
पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है.
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिले 170 रन के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने
12.5 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. फ़िन ऐलन ने 33 गेंद पर 100 रन की
नाबाद पारी खेली. उनकी पारी में 8 छक्के और 10 चौके शामिल रहे.
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिले 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही.
न्यूजीलैंड ने 4.1 ने बिना विकेट गंवाए 50 रन पूरे कर लिए. 6 ओवर में
ही न्यूजीलैंड ने बिना विकेट गंवाए 84 रन बना लिए और 7.5 ओवर में न्यूजीलैंड का
स्कोर 100 के पार पहुंच गया.
न्यूजीलैंड के ओपनर फिन ऐलन ने 19 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर
ली. वहीं टिम साइफ़र्ट ने 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. साइफ़र्ट हालांकि
33 गेंद में 58 रन बनाकर आउट हुए.

इमेज स्रोत, Getty Images
लेकिन न्यूज़ीलैंड के ओपनर्स के बीच पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 117 रन की पार्टनरशिप हुई और दक्षिण अफ्रीका को मुकाबले से बाहर कर दिया.
इससे पहले न्यूज़ीलैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया.
दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन ने 55 रन की पारी खेली और दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन तक पहुंचाया.
वहीं न्यूजीलैंड के लिए मकौंकी, रचिन और हेनरी ने दो-दो विकेट लिए.
दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में पहुंचने से पहले तक एक भी मैच नहीं गंवाया था. लेकिन सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की टीम न्यूज़ीलैंड को कोई टक्कर नहीं दे पाई.
टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.
दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम की टक्कर खिताब के लिए 8 मार्च को न्यूज़ीलैंड से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी.