Last Updated:
Will India Knocked Out Of T20 wc Semi-finals Race After Losing To Zimbabwe: क्या जिम्बाब्वे के खिलाफ हार टीम इंडिया को T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर देगी? जानें सुपर-8 का पूरा गणित और सेमीफाइनल के समीकरण. अगर सिकंदर रजा की टीम ने चेन्नई में किया उलटफेर, तो कैसे दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के नतीजे तय करेंगे भारत की किस्मत। देखें पॉइंट्स टेबल और नेट रन-रेट का पूरा खेल यहां.

क्या दूसरा सुपर 8 मैच हारते ही भारत सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगा?
चेन्नई: चेन्नई के चेपॉक मैदान पर गुरुवार को होने वाला भारत बनाम जिम्बाब्वे मुकाबला अब एक ‘नॉकआउट’ में तब्दील हो चुका है. दक्षिण अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया की राहें मुश्किल हो गई हैं. अगर सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिम्बाब्वे टीम चेन्नई में उलटफेर करने में कामयाब रही, तो सूर्यकुमार यादव की सेना टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच जाएगी. हालांकि, भारत की किस्मत केवल अपनी जीत पर नहीं, बल्कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर भी टिकी है. क्या टीम इंडिया इस ‘अगर-मगर’ के जाल से निकलकर सेमीफाइनल का टिकट कटा पाएगी या डिफेंडिंग चैंपियन को वर्ल्ड कप से विदा होना पड़ेगा? समझिए पॉइंट्स टेबल का पूरा गणित.
जिम्बाब्वे अगर भारत को हरा देता है और उसी दिन दोपहर में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका को मात दे देती है, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा. वेस्टइंडीज की जीत उसे 4 अंकों पर ले जाएगी. दक्षिण अफ्रीका 2 अंकों पर रहेगा और भारत को हराकर जिम्बाब्वे के भी 2 अंक हो जाएंगे. भारत 0 अंकों के साथ चौथे स्थान पर होगा. ऐसी स्थिति में भारत अपने आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को हरा भी दे, तो भी उसके अधिकतम 2 अंक ही होंगे. चूंकि दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे का आखिरी मैच आपस में है, उनमें से कोई एक टीम 2 अंक से आगे निकल जाएगी, जिसे भारत नहीं पकड़ पाएगा.
हार के बाद भी कैसे जिंदा रहेगी टीम इंडिया की उम्मीद?
यदि भारत जिम्बाब्वे से हार जाता है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज को हरा देता है, तो भारत के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद नहीं होंगे. दक्षिण अफ्रीका की जीत उसे 4 अंकों पर पहुंचा देगी, जबकि वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे 2-2 अंकों पर रहेंगे. अब अगर दक्षिण अफ्रीका अपने आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को भी हरा देता है, तो वह 6 अंकों के साथ टॉप करेगा. ऐसे में जिम्बाब्वे 2 अंकों पर रुक जाएगा. अब भारत अगर रविवार को कोलकाता में वेस्टइंडीज को हरा देता है, तो भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे तीनों के 2-2 अंक हो जाएंगे.
यहां फैसला नेट रन रेट से होगा
यहां फैसला नेट रन रेट (NRR) से होगा. वर्तमान में भारत का NRR (-3.800) काफी खराब है, जबकि वेस्टइंडीज (+5.350) मजबूत स्थिति में है. लेकिन वेस्टइंडीज की लगातार दो हार उसका रन रेट गिरा सकती है, जिससे भारत के लिए मौका बन सकता है. एक और स्थिति ऐसी है जहां भारत बाहर हो सकता है. यदि दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज को हरा दे, लेकिन जिम्बाब्वे अपने दोनों बचे हुए मैच (भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) जीत जाए, तो जिम्बाब्वे 4 अंकों के साथ आगे निकल जाएगा. ऐसी स्थिति में भारत वेस्टइंडीज को हराकर भी बाहर हो जाएगा क्योंकि साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के अंक भारत से ज्यादा होंगे.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें