भारत और कनाडा के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान अब खत्म होने की दिशा में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सोमवार को दिल्ली में एक अहम बैठक करने जा रहे हैं. साल 2023 में खालिस्तानी विवाद के कारण दोनों देशों के बीच आई कड़वाहट को भुलाकर अब रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की तैयारी है. इस बैठक में व्यापार, ऊर्जा और नई प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की नई रूपरेखा तैयार हो सकती है.
पुरानी कड़वाहट को भूलकर नई शुरुआत
2023 में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद कनाडा के पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर जो आरोप लगाए थे, उससे दोनों देशों के रिश्ते काफी खराब हो गए थे. स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि दोनों देशों ने एक-दूसरे के बड़े अफसरों को निकाल दिया था. हालांकि अब माहौल बदल गया है. अप्रैल 2025 में मार्क कार्नी के चुनाव जीतने के बाद से रिश्तों को सुधारने का काम शुरू हो गया है. अब दोनों देशों के बड़े अधिकारी अपनी पुरानी जगह पर लौट आए हैं और दोस्ती की एक नई शुरुआत हो रही है.
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में जंग… खौफ के साए में 97 लाख भारतीय, सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार अलर्ट
इस मीटिंग में भारत और कनाडा के बीच परमाणु बिजली को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है. भारत की पूरी कोशिश है कि कनाडा से यूरेनियम खरीदने का रास्ता साफ हो जाए. दिल्ली पहुंचने के बाद पीएम कार्नी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत में बिजली, नई तकनीक और सुविधाओं की मांग बहुत तेजी से बढ़ रही है और कनाडा के पास देने के लिए ये सब कुछ मौजूद है. उन्होंने कहा कि वो यहां अपने व्यापारियों और काम करने वालों के लिए नए मौके तलाशने आए हैं.
वैश्विक हालात पर भी चर्चा
इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पूरी दुनिया में चिंता बढ़ गई है. पीएम मोदी और पीएम कार्नी ऐसे समय में मिल रहे हैं जब इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमले किए हैं. इसलिए दोनों पीएम मध्यपूर्व की मौजूदा स्थिति पर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं. इसके अलावा, अमेरिका के साथ व्यापार में आई ठंडक के बाद कनाडा भारत जैसे मजबूत देश के साथ मिलकर अपनी अर्थव्यवस्था को और मजबूत करना चाहता है.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में बरसे PM मोदी, बोले- गरीबों का हक मारने वाली DMK को सत्ता में रहने का हक नहीं
कनाडा के पीएम मार्क कार्नी रविवार को दिल्ली पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया. उन्हें औपचारिक सम्मान भी दिया गया. सोमवार को पीएम मोदी के साथ होने वाली इस बैठक के बाद दोनों देशों द्वारा व्यापार से जुड़े समझौतों को जल्द पूरा करने की घोषणा की जा सकती है. कुल मिलाकर यह बैठक भारत-कनाडा के रिश्तों को एक नई दिशा देने वाली है.
—- समाप्त —-