आगरा में जूता कारोबारी की बेटी की अपहरण के बाद हत्या… ड्रम में मिला शव, गुस्साए लोगों ने वाहनों पर किया पथराव

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज में अपहरण के बाद जूता व्यापारी की आठ वर्षीय मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बच्ची मंगलवार दोपहर से लापता थी। पुलिस ने बुधवार देर रात किरायेदार युवक के कमरे की तलाशी ली तो बच्ची का शव आटा से भरे ड्रम में मिला।

हत्या की जानकारी होती ही स्वजन में आक्रोश भड़क गया। गुस्साए लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस बीच कुछ लोगों ने वाहन निकालने की कोशिश की, तो आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों से भी स्वजन की कहासुनी हुई। आसपास के थानों का पुलिस फोर्स पहुंचने के बाद स्थिति को काबू किया जा सका।

ताजगंज के सिद्धार्थ नगर गोबर चौकी निवासी दिनेश कुमार घर में जूता कारखाना संचालित करते हैं। उनकी आठ वर्षीय बेटी प्रज्ञा कक्षा एक की छात्रा है। मंगलवार दोपहर दो बजे छात्रा घर के बाहर खेल रही थी। स्वजन के अनुसार बच्ची घर के बाहर नजर नहीं आई तो उन्होंने लगा की वह ट्यूशन पढ़ने गई होगी।

शाम पांच बजे तक बच्ची जब घर नहीं लौटी तो स्वजन ने तलाश की शुरू की। ताजगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इस बीच पता चला कि दिनेश कुमार के घर में रहने वाला युवक सुनील भी लापता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की चार टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हुई हैं।

घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्ची दोपहर दो बजे के करीब दुकान की ओर जाती हुई नजर आ रही थी। पुलिस टीम ने बुधवार रात 11 बजे दिनेश कुमार के मकान में ही ऊपरी मंजिल पर स्थित किरायेदार सुनील के कमरे की तलाश ली तो बच्ची का शव प्लास्टिक के छोटे ड्रम में भरे आटे में दबा हुआ मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई है।

बच्ची की हत्या की जानकारी मिलते ही स्वजन व मोहल्ले वालों में आक्रोश भड़क गया। उन्होंने फतेहाबाद रोड पर मुगल पुलिया के पास जमा लगाकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने जाम के दौरान निकलने वाले वाहनों पर पथराव कर दिया।

बवाल की सूचना पर एकता, सदर, रकाबगंज सहित आसपास के थानों से भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। रात करीब एक बजे स्थिति काबू में आई। डीसीपी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि स्वजन की सूचना पर तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी थी। आरोपित की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *